एडीजी ने डीआईजी और एसपी संग परखीं तैयारियां
बांदा, के एस दुबे । आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में आज प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण बांदा पहुंचे। उन्होंने चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. और बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों को देखा। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, फ्रिस्किंग प्रक्रिया, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा
व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर लगी सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को भी चेक किया, ताकि परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर तीसरी आंख की नजर बनी रहे। एडीजी ज्योति नारायण ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बेहद कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी।परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या कानून-व्यवस्था संबंधी शिथिलता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी संदिग्ध या सॉल्वर गैंग से जुड़ा व्यक्ति सक्रिय पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। डीआईजी राजेश एस. और एसपी पलाश बंसल ने भी स्थानीय पुलिस अधिकारियों को मुस्तैद रहने और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत रखने के निर्देश दिए। सभी ड्यूटीरत कर्मचारियों को पूर्ण निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया है, जिससे परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


No comments:
Post a Comment