नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 23, 2026

नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी बांदा के जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में लगातार हो रही गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। राजेश दीक्षित ने कहा कि वर्ष 2018, 2021, 2022, 2024 और 2026 में नीट परीक्षा में गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। इसके बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी उनकी तत्काल बर्खास्तगी और इस्तीफे की मांग करती है।


उन्होंने आरोप लगाया कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा, जिसमें 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे, में बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक हुए। सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र वायरल होने के बाद केंद्र सरकार को दबाव में आकर परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लेना पड़ा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि लेखपाल भर्ती, यूपीएसआई, पुलिस सिपाही भर्ती, आरओ-एआरओ, एसएससी जीडी और सहायक प्रोफेसर भर्ती समेत कई प्रतियोगी परीक्षाएं भी पेपर लीक और अनियमितताओं की भेंट चढ़ चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि नीट पेपर लीक से उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण देश के विभिन्न राज्यों में अब तक 12 छात्रों की मौत हो चुकी है, जिसे कांग्रेस सरकार की विफलता मानती है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि लीक प्रश्नपत्रों के लिए अभ्यर्थियों से 25 हजार रुपये से लेकर 40 लाख रुपये तक वसूले गए। पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के पेपर लीक होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

राजेश दीक्षित ने शिक्षा व्यवस्था के निजीकरण और सरकारी शिक्षा संस्थानों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा बजट में लगातार कटौती की गई है, सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं और लाखों शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। उन्होंने कहा कि महंगी शिक्षा व्यवस्था के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के छात्रों की भागीदारी से नई शिक्षा नीति और व्यवस्था की नींव रखना चाहते हैं, जो छात्रों को बेहतर अवसर और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराए। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, जिला कंट्रोल रूम प्रभारी बी. लाल भाई, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, कार्यालय प्रभारी शिवबली सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages