मामूली विवाद में फायरिंग करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 6, 2026

मामूली विवाद में फायरिंग करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

बांदा/बबेरू, के एस दुबे । जनपद की बबेरू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले दो सगे भाइयों को घटना के महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात बबेरू थाना क्षेत्र के पड़री गांव में अंजाम दी गई थी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों शातिर आरोपियों को दबोचा और उनके पास से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में पड़री गांव के निवासी चुन्ना उर्फ रामबहादुर ने बताया कि रात में गांव के ही दो भाइयोंकृराजेश और सुरेंद्र उर्फ चुनकू ने मामूली विवाद के बाद उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उन पर अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया। इस


सूचना पर बबेरू पुलिस ने तत्काल संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी द्वारा गठित पुलिस टीमों ने मुखबिर की सूचना और पीड़ित के बताए ठिकानों पर दबिश दी। पड़री गांव के पास ही जब दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम को आते देखा, तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर खौफ पैदा करने के लिए हवाई फायरिंग भी की। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान राजेश और सुरेंद्र उर्फ चुनकू दोनों पुत्र राजा, निवासी ग्राम पड़री, थाना बबेरू, जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों सगे भाई शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ बबेरू और आसपास के थानों में हत्या, जानलेवा हमला, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट जैसी कई गंभीर और संगीन धाराओं में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं।बरामदगी और पुलिस पर फायरिंग के मामले में आर्म्स एक्ट सहित अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages