बांदा, के एस दुबे । तहसील पैलानी क्षेत्र के ग्राम पिपरहरी के किसानों ने उनके खेतों से बिना अनुमति हाईटेंशन विद्युत लाइन एवं टावर लगाए जाने का विरोध करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। किसानों ने विद्युत विभाग और संबंधित ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए लाइन एवं टावरों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पिपरहरी के कई सीमांत एवं लघु किसानों के खेतों के बीच से हाईटेंशन लाइन निकाली जा रही है। किसानों का आरोप है कि उनकी सहमति लिए बिना कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे उनकी खेती और आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। प्रधान शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका परिवार पूरी तरह खेती पर निर्भर है। खेतों के बीच टावर और हाईटेंशन लाइन लगने से कृषि
कार्य प्रभावित होगा, भविष्य में निर्माण कार्य भी नहीं हो सकेगा तथा फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहेगी। किसानों का कहना है कि एक ही परिवार के कई खेतों से लाइन निकाली जा रही है, जिससे उनकी जमीन छोटे-छोटे हिस्सों में बंट जाएगी और खेती करना मुश्किल हो जाएगा।
ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि हाईटेंशन लाइन और टावरों को खेतों से हटाकर किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थापित किया जाए तथा किसानों की सहमति के बिना कोई कार्य न कराया जाए। साथ ही खेती-किसानी को होने वाले संभावित नुकसान को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। ज्ञापन पर देवेश सिंह, राकेश सिंह, अमित, गिरधर, राजेश समेत गांव के कई किसानों के हस्ताक्षर हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


No comments:
Post a Comment