15 किलो गांजे के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
बांदा, के एस दुबे । जनपद को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल” को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना मटौंध पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मध्य प्रदेश से आए तीन शातिर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को दबोच लिया है। इनके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध नशीला पदार्थ बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, 3व 4 जून की दरमियानी रात को मटौंध थाना पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था और संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान भूरागढ़ तिराहे के पास पीठ पर बैग लादे तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम को सामने देख तीनों घबरा गए और मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मुस्तैदी
दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया। जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। बैगों के अंदर से भारी मात्रा में अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ।पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने कुबूल किया कि वे सभी मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले हैं। वे इस अवैध गांजे की खेप को मध्य प्रदेश से लाकर बाँदा में किसी अज्ञात व्यक्ति को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे, लेकिन डील होने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मटौंध पुलिस ने बरामद गांजे को सील कर कब्जे में ले लिया है। तीनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना मटौंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर तीनों तस्करों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में भूरागढ़ चौकी प्रभारी आनंद कुमार साहू, कांस्टेबल अनुज यादव, कांस्टेबल मंगल सिंह और रिक्रूट कांस्टेबल दिनेश यादव शामिल रहे, जिनकी मुस्तैदी की सराहना की जा रही है।


No comments:
Post a Comment