हीटवेव से बचाव को चलाया महाअभियान
फतेहपुर, मो शमशाद । भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे हीटवेव के खतरे के बीच नगर की स्वच्छता व्यवस्था संभाल रहे स्वच्छताग्राहियों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए बुधवार को एक विशेष जागरूकता एवं राहत अभियान चलाया गया। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती एवं दि होमियोपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में आयोजित इस महाअभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य, चेयरमैन एवं आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या-12 राधानगर एवं वार्ड संख्या-3 बक्सपुर में आयोजित
![]() |
| स्वच्छताग्राहियों को दवा व मास्क वितरित करते डा. अनुराग। |
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छताग्राहियों को भीषण गर्मी और लू से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छताग्राही हर मौसम में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कर्मवीरों के स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हीटवेव के दौरान विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। घर से बाहर निकलते समय सिर को टोपी या कपड़े से ढंककर रखना चाहिए, पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और अत्यधिक मसालेदार भोजन से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकती है। इस दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा सभी स्वच्छताग्राहियों को हीटवेव से बचाव एवं संक्रमण की रोकथाम में सहायक होमियोपैथिक औषधियां, मास्क और ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए। राहत सामग्री पाकर स्वच्छताग्राहियों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के समापन पर सभासद अरुण यादव एवं पवन कुमार द्विवेदी ने डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को उनके निरंतर जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों और पुनः रेडक्रॉस चेयरमैन निर्वाचित होने पर माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं स्वच्छताग्राही मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment