आजाद क्रांति पार्टी का धरना 11वें दिन भी जारी, प्रशासन के मौन पर आक्रोश
बांदा, के एस दुबे । बुन्देलखंड के बांदा जिले में महाराजा खेत सिंह जूदेव जी के सम्मान और उनकी प्रतिमा की पुनः स्थापना की मांग को लेकर आजाद क्रांति पार्टी का धरना प्रदर्शन आज 11वें दिन भी लगातार जारी रहा। आंदोलनकारियों का कहना है कि इतने दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन चलने के बावजूद शासन-प्रशासन पूरी तरह मौन बना हुआ है, जिससे समाज में आक्रोश दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। आजाद क्रांति पार्टी और खंगार समाज के पदाधिकारियों ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी महापुरुष की प्रतिमा को वर्षों तक
खंडित अवस्था में रखना न केवल उस महापुरुष का अपमान है, बल्कि पूरे समाज की आस्था और सम्मान को ठेस पहुँचाने वाला कार्य है। महाराजा खेत सिंह जूदेव जी करोड़ों लोगों की आस्था और गौरव के प्रतीक हैं, और उनके इस अपमान को समाज अब बर्दाश्त नहीं करेगा। धरना स्थल पर दिन-प्रतिदिन जनसमर्थन और लोगों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हो रही है। संगठन ने शासन-प्रशासन के सामने स्पष्ट मांग रखी है शीघ्र पुनर्स्थापना का लिखित आश्वासनरू महाराजा खेत सिंह जूदेव जी की प्रतिमा को शीघ्र पुनः स्थापित करने के संबंध में प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिया जाए।
संघर्ष जारी रखने का संकल्परू जब तक लिखित रूप में स्पष्ट आश्वासन प्राप्त नहीं होता, तब तक यह संघर्ष शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर जारी रहेगा। आजाद क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सूरज सिंह खंगार और बांदा के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह खंगार उर्फ पप्पू ने संयुक्त रूप से कहा, हमारी पार्टी संविधान और लोकतंत्र में पूर्ण विश्वास रखती है। हमारा आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और हम किसी भी प्रकार का विरोधात्मक या हिंसात्मक कार्य नहीं करेंगे। लेकिन, अपने महापुरुषों के सम्मान और समाज की भावनाओं की रक्षा के लिए हम अंतिम सांस तक संघर्ष करते रहेंगे।


No comments:
Post a Comment