रामपुर में गैस रिसाव से लगी आग, महिला गंभीर रूप से झुलसी, लाखों का नुकसान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 21, 2026

रामपुर में गैस रिसाव से लगी आग, महिला गंभीर रूप से झुलसी, लाखों का नुकसान

जसपुरा /बांदा, के एस दुबे । विकासखंड जसपुरा के ग्राम रामपुर में शनिवार देर रात गैस रिसाव से एक घर में भीषण आग लग गई। हादसे में नत्थू कुशवाहा की पत्नी कुसमा देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। आग से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे कुसमा देवी रसोई में खाना बनाने पहुंचीं। बताया जाता है कि गैस पहले से खुली होने के कारण कमरे में गैस भर गई थी। जैसे ही उन्होंने चूल्हा जलाने का प्रयास किया, आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से कुसमा देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल महिला को पहले सीएचसी


जसपुरा ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें कानपुर भेजा गया। आग बुझाने में भी ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बिजली न होने से समरसेबल नहीं चल पा रहा था। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में पड़ोसी मानु यादव ने जनरेटर चलाकर समरसेबल शुरू कराया, जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई जा सकी। रविवार सुबह हल्का लेखपाल अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि आग में घर में रखा गेहूं, पशुओं का भूसा, बिस्तर, मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। घटना की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है तथा पीड़ित परिवार को शासन स्तर से सहायता दिलाने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages