बच्चों से लेकर अधिकारियों तक ने किया योग
बांदा, के एस दुबे । बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जनपद बांदा में उत्साह और ऊर्जा का एक अनूठा संगम देखने को मिला। तिंदवारी रोड स्थित सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक भव्य और वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि रामकेश निषाद राज्य मंत्री, जल शक्ति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार तथा विशिष्ट अतिथि प्रमोद कुमार उपाध्याय सचिव समाज कल्याण विभाग एवं नोडल अधिकारी, जनपद बांदा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट और सराहनीय योगदान देने वाले स्थानीय योग साधकों एवं प्रशिक्षकों को मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रमुख रूप से योग प्रशिक्षक रमेश राजपूत, योग गुरु भारत लाल,राजेश सिंह,श्रीमती गीतांजलि सहित अन्य कई योग साधक शामिल रहे। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य नहीं, अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रामकेश निषाद ने योग के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज सम्पूर्ण विश्व अपनाकर स्वस्थ जीवन का आधार बना रहा है। प्रधानमंत्री के अथक प्रयासों एवं वैश्विक पहल के परिणामस्वरूप ही योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति और उत्कृष्ट मानव निर्माण का प्रभावी साधन है।
वहीं विशिष्ट अतिथि प्रमोद कुमार उपाध्याय ने युवाओं और विद्यार्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है, इसलिए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करें। इस भव्य योग शिविर में जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक साथ योग की मुद्रा में नजर आए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील सिंह पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष,श्रीमती मालती गुप्ता बासु नगर पालिका अध्यक्ष, राजेश.एस पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित आसेरी जिलाधिकारी,पलाश बंसल पुलिस अधीक्षक,अजय कुमार पाण्डेय मुख्य विकास अधिकारी, कुमार धर्मेन्द्र अपर जिलाधिकारी,माया शंकर अपर जिलाधिकारी, न्यायिक सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाज सेवी और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उपस्थित जनसमूह द्वारा नियमित योग करने और एक स्वस्थ, निरोग एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


No comments:
Post a Comment