बांदा, के एस दुबे । जनपद के अतर्रा क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर एक व्यक्ति की लाइसेंसी रायफल निरस्त किए जाने की मांग की है। महिला का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष द्वारा उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला मीरा देवी पत्नी त्रिलोकी, निवासी सुभाष नगर अतर्रा ने बताया कि उपजिलाधिकारी न्यायालय में भूमि विवाद का मामला विचाराधीन है। आरोप है कि 9 जून 2026 को वह अपनी जमीन पर पिलर लगवा रही थीं, तभी विपक्षी पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और विवाद करने लगे। महिला का कहना है कि इस दौरान एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी बंदूक दिखाकर जान से मारने की
धमकी दी तथा गोली मारने की बात कही। महिला के अनुसार शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे वह सुरक्षित बच सकीं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर अतर्रा थाने में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपी की लाइसेंसी रायफल का लाइसेंस निरस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे। महिला ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष दबंग प्रवृत्ति का है और उससे लगातार खतरा बना हुआ है। पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।


No comments:
Post a Comment