युवती से दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की दी थी धमकी
फतेहपुर, मो शमशाद । युवती से दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने वाले फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
![]() |
| घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी। |
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना कोतवाली में युवती की तहरीर पर आरोपी ओवैस रजा पुत्र अनीस निवासी अन्दौली थाना राधानगर के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी तथा आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। सोमवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मदारीपुर लिंक रोड की ओर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध आम्र्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। अब तक उसके खिलाफ कोतवाली में दुष्कर्म एवं आईटी एक्ट सहित दर्ज मुकदमा और पुलिस मुठभेड़ के बाद आम्र्स एक्ट का मुकदमा सामने आया है। अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश पाठक, पंकज सिंह, राजकमल यादव, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार मिश्र, कांस्टेबल अनीश दीक्षित, रिजर्व कांस्टेबल रविशंकर शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment