फर्जी केसीसी लोन घोटाले का एक और आरोपी गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, July 30, 2026

फर्जी केसीसी लोन घोटाले का एक और आरोपी गिरफ्तार

फर्जी आधार-पैन बनवाकर किसान के नाम पर बैंक से कराया था 13.06 लाख का लोन

फतेहपुर, मो शमशाद । असोथर थाना पुलिस ने किसान के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक ऑफ इंडिया से किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए 13.06 लाख रुपये का ऋण लेकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक से ऋण स्वीकृत कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस के मुताबिक थाना असोथर क्षेत्र के ग्राम कुसुम्भी निवासी मान सिंह उर्फ लखन सिंह ने 10 मई 2026 को तहरीर देकर बताया था कि कुछ लोगों ने उनके नाम से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज तैयार कर उनकी कृषि भूमि को बैंक में बंधक दिखाते हुए

पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी।

बैंक ऑफ इंडिया चैक शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 13.06 लाख रुपये का ऋण हासिल कर लिया और रकम आपस में बांट ली। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अजयपाल विश्वकर्मा पुत्र कालिका निवासी ग्राम सोनवर्सा थाना गाजीपुर का नाम प्रकाश में आया। गुरुवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान कुक्कू दुबे उर्फ कंधई दुबे के माध्यम से अवध नारायण तिवारी और विष्णु कुमार उर्फ पल्लुल्ली सिंह से हुई थी। इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उसके आधार कार्ड में कूटरचित संशोधन कराकर उस पर वादी का नाम अंकित कराया। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए बैंक से ऋण स्वीकृत कराया गया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बैंक के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे और इस धोखाधड़ी के बदले उसे करीब 70 हजार रुपये मिले थे, जबकि बाकी रकम अन्य आरोपियों ने आपस में बांट ली। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, आरक्षी पन्नूलाल मौर्य, आरक्षी विकास यादव, महिला आरक्षी लक्ष्मी शामिल रहीं। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages