मंदिरों की घंटियां चुराने वाला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, July 25, 2026

मंदिरों की घंटियां चुराने वाला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

17 पीतल की घंटे-घंटियां, अवैध तमंचा व चोरी की बाइक बरामद

फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद में मंदिरों से लगातार हो रही घंटे-घंटियों की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक अंतरजनपदीय शातिर चोर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हुसैनगंज व चांदपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम नौगांव के पास नहर पुलिया के आगे हुई मुठभेड़ में अभियुक्त महेश पुत्र जगतपाल निवासी ग्राम अजईपुर थाना खागा को घायल अवस्था में दबोच लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में उसने हुसैनगंज व चांदपुर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों से पीतल की घंटे-घंटियां चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद करने के लिए संयुक्त पुलिस टीम उसे ग्राम

घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी। 

नौगांव के पास ले गई। इसी दौरान उसने चोरी की घंटियों के झोले में पहले से छिपाकर रखा अवैध .315 बोर तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने संयम और साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अभियुक्त के बाएं पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मौके से पुलिस ने 17 पीतल की छोटी-बड़ी घंटे-घंटियां, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त कटर, पेंचकस और रिंच तथा कानपुर नगर के थाना रेलबाजार क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट टीम ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना हुसैनगंज में अभियुक्त के विरुद्ध अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त महेश के खिलाफ फतेहपुर सहित अन्य जनपदों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मंदिरों में चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages