बांदा, के एस दुबे । जनपद की बदौसा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है, जिसके कब्जे से पुलिस ने 2 साल पहले कानपुर से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था। क्षेत्राधिकारी अतर्रा, प्रतिज्ञा सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार को बदौसा थाना पुलिस तुर्रा पुल मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल सवार बिना हेलमेट के आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर गाड़ी पर अंकित नंबर प्लेट के कागजात मांगे, तो वह घबरा गया और कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहित पुत्र किशन बिहारी, निवासी ग्राम खुदावली थाना दिनारा, जनपद शिवपुरी, मध्य प्रदेश बताया। शातिर चोर ने कुबूल किया कि उसने यह मोटरसाइकिल वर्ष 2023 में जनपद कानपुर नगर से चोरी की थी और पकड़े जाने के डर से उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर लगातार घूम रहा था। पुलिस द्वारा जब वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर रिकॉर्ड खंगाला गया, तो पता चला कि इस चोरी के संबंध में जनपद कानपुर के थाना नौबस्ता में मुकदमा अपराध संख्या 412/2023, धारा 379 भादवि के तहत पहले से ही मामला पंजीकृत है। बदौसा थाना पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल और चोरी की गाड़ी रखने के मामले में सुसंगत धाराओं में नया केस दर्ज कर अभियुक्त मोहित को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस कामयाबी को हासिल करने वाली पुलिस टीम में बदौसा थाने के उपनिरीक्षक आशीष पटेरिया, आरक्षी मिथिलेश कुमार और आरक्षी राहुल कुमार मौर्य शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment