नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले गैंग से मुठभेड़, पैर में लगी गोली - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 3, 2026

नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले गैंग से मुठभेड़, पैर में लगी गोली

बस व रेलवे स्टेशन से यात्रियों को कैब में बैठाकर नशीला पदार्थ पिलाकर करता था लूट

सीसीटीवी और सर्विलांस ने खोली पोल, 27 से अधिक मुकदमें हैं पंजीकृत

फतेहपुर, मो शमशाद । कानपुर के बस अड्डे व रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों को सस्ते किराये पर गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देकर अपनी बोलेरो में बैठाना, रास्ते में नशीला पदार्थ पिलाकर उन्हें बेहोश करना और फिर मोबाइल, नकदी, एटीएम कार्ड व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाना यह शातिर खेल लंबे समय से चल रहा था। कई वारदातों के बाद आखिरकार पुलिस ने इस जहरखुरान गिरोह की कमर तोड़ते हुए उसके हिस्ट्रीशीटर सरगना शाहनवाज उर्फ साहिल को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

घटनास्थल का निरीक्षण करते सीओ। 

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत थाना कल्याणपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस के मुताबिक हाल ही में जहरखुरानी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित टीम ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्ध बोलेरो और उसमें सवार आरोपी की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार तड़के थाना कल्याणपुर क्षेत्र के बिंदकी रोड स्थित दादनखेड़ा मोड़ पर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शाहनवाज उर्फ साहिल पुत्र मंसूर निवासी ग्राम विसहिया, थाना हथिगवां, जनपद प्रतापगढ़ के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। उसका साथी फिरोज निवासी करारी, जनपद कौशांबी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कानपुर के बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के आसपास अकेले या बाहर से आने वाले यात्रियों को अपनी बोलेरो में बैठाता था। सफर के दौरान उन्हें खाने-पीने की वस्तु में नशीला पदार्थ मिलाकर देता था। यात्री के बेहोश होते ही वह उनका मोबाइल, नकदी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान लेकर फरार हो जाता था। पुलिस अब उससे इस तरह की कई अन्य घटनाओं के बारे में भी पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो, एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एंड्रॉयड मोबाइल फोन, नकदी, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार शाहनवाज उर्फ साहिल थाना कल्याणपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 131/2026 एवं 136/2026 में वांछित था। उसके खिलाफ फतेहपुर, प्रतापगढ़ समेत कई जनपदों में 27 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह संबंधित थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क, अन्य साथियों और जहरखुरानी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी फिरोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। साथ ही बरामद मोबाइल, एटीएम कार्ड और अन्य सामान के आधार पर अन्य पीड़ितों की भी पहचान कराई जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में जहरखुरानी और लूट की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages