डीएम से उच्च स्तरीय जांच की मांग
बांदा, के एस दुबे । जिले की आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में आ गई है।जसपुरा ब्लॉक के ग्राम नरौली की अभ्यर्थी रुचि देवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) के निर्देश पर पैलानी तहसील से कराई गई जांच रिपोर्ट को पक्षपातपूर्ण और तथ्यों के विपरीत बताते हुए उसे निरस्त करने तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।रुचि देवी का कहना है कि उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए आवेदन किया था और 28 फरवरी 2026 को उनके दस्तावेजों का सत्यापन भी हो चुका है।उनका आरोप है कि प्रतिद्वंद्वी अभ्यर्थी धन्नो देवी ने चयन में अनुचित लाभ लेने के लिए फर्जी तरीके से जीरो पॉवर्टी (बीपीएल) का लाभ लिया।इसी संबंध में उन्होंने डीपीओ से शिकायत की थी,जिसके बाद जांच पैलानी
तहसील को सौंपी गई।शिकायतकर्ता का आरोप है कि तहसील स्तर पर हुई जांच में न तो विपक्षी की वास्तविक आर्थिक स्थिति की गहन जांच की गई और न ही उपलब्ध तथ्यों का निष्पक्ष परीक्षण किया गया।केवल औपचारिकता पूरी कर रिपोर्ट लगा दी गई,जिससे योग्य अभ्यर्थी के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।रुचि देवी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पैलानी तहसील की जांच रिपोर्ट तत्काल निरस्त कर किसी स्वतंत्र जनपद स्तरीय अधिकारी या विशेष टीम से पूरे प्रकरण की दोबारा जांच कराई जाए। साथ ही,यदि जांच में आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित अभ्यर्थी की जीरो पॉवर्टी (बीपीएल) पात्रता निरस्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


No comments:
Post a Comment