पूर्व सैनिकों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
फतेहपुर, मो शमशाद । कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक संयुक्त संस्था के तत्वावधान में मेडिकल कॉलेज परिसर में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के जनपद अध्यक्ष वेटरन लाल चन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और संस्था के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाया तथा कारगिल युद्ध के
![]() |
| संगठन मजबूती का संकल्प लेते पूर्व सैनिक। |
अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में वीर नारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही 16 पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को संस्था की सदस्यता प्रदान कर उनका स्वागत किया गया। जनपद अध्यक्ष वेटरन लाल चन्द्र ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि देश की रक्षा में सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने संस्था की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए पूर्व सैनिकों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस दौरान संस्था के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से संगठन की शपथ ली और राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में उपस्थित लोगों ने वीर जवानों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment