देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश झांसी, भारतीय मजदूर संघ के 71 वर्ष पूर्ण होने तथा 72वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ, झांसी क्षेत्र द्वारा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, झांसी डिपो (हंसारी) परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, राष्ट्रभक्ति एवं संगठनात्मक भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय मजदूर संघ की गौरवशाली यात्रा को स्मरण करते हुए संगठन द्वारा श्रमिक हितों की रक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के महानायक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक एवं अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर उनके अद्वितीय त्याग, बलिदान एवं राष्ट्रसेवा को श्रद्धापूर्वक याद किया गया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत भारतीय मजदूर संघ का ध्वज फहराया गया तथा उपस्थित कर्मचारियों एवं कार्यकर्ताओं में मिष्ठान वितरण कर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमारी ज्योति मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ, झांसी क्षेत्र द्वारा की गई, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन विजय नारायण शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीकांत चतुर्वेदी (विभाग प्रमुख, जनपद झांसी) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अवधेश सक्सेना (पूर्व विभाग प्रमुख) उपस्थित रहे। साथ ही भारतीय मजदूर संघ की रेलवे यूनियन, वाणिज्य शाखा के पदाधिकारी हरि मोहन शर्मा, उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय संरक्षक दुर्गा प्रसाद स्वर्णकार एवं के. के. गेड़ा सहित अखिलेश द्विवेदी, गोविंद पाठक (उरई), जरनल सिंह, संजय सिंह, करीम उल्ला खां, हरी सिंह भदौरिया, लक्ष्मीधर दीक्षित, सुधीर, मनोहर तथा अन्य अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ आज देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बनकर श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान एवं राष्ट्रहित के लिए निरंतर संघर्षरत है। संगठन की स्थापना से लेकर आज तक श्रमिक कल्याण, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के क्षेत्र में उसका योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान हेतु एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" तथा "भारतीय मजदूर संघ अमर रहे" के उद्घोषों के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन एवं संगठनात्मक एकता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।


No comments:
Post a Comment