ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, समाधान दिवस में पहुंची शिकायत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, July 18, 2026

ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, समाधान दिवस में पहुंची शिकायत

मुख्य सड़क से सटी जमीन पर निर्माण रोकने की मांग, तलब की जांच रिपोर्ट

फतेहपुर, मो शमशाद । तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम समाज की बेशकीमती भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला अधिकारियों के सामने पहुंचा। विकास खंड असोथर के ग्राम कोण्डार मजरा बंधवा निवासी रामलायक सिंह ने शिकायती पत्र देकर ग्राम सभा की भूमि पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। शिकायत के अनुसार बिन्दकी-ललौली संपर्क मार्ग (स्टेट हाईवे) से सटे गाटा संख्या-3778 में दर्ज भूमि पर गांव के ही संतोष सिंह पुत्र हृदयराम सिंह द्वारा कथित रूप से अवैध निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त गाटा में 0.1620 हेक्टेयर आबादी तथा 0.2750 हेक्टेयर बंजर भूमि दर्ज है। मुख्य मार्ग से सटी होने के कारण यह जमीन अत्यंत मूल्यवान है और ग्राम

ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे का दृश्य।

समाज की संपत्ति होने के बावजूद उस पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। रामलायक सिंह ने जनहित का हवाला देते हुए अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में गाटा संख्या की खतौनी, राजस्व नक्शे की प्रति, अतिक्रमण की तस्वीरें तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर पूर्व में की गई शिकायत की प्रति भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई। शिकायती पत्र में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम समाज की सार्वजनिक भूमि सुरक्षित रह सके। संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच कर आख्या तलब कर दी है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages