बांदा, के एस दुबे । समाजवादी पार्टी के नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले ने मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान उन्हें नजरबंद किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार और स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है और भाजपा विपक्ष से डरती है। पुष्पेंद्र सिंह चुनाले ने कहा कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिलता तो वे किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं करते, बल्कि तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र और जसपुरा ब्लॉक के तिरहार क्षेत्र की जनसमस्याओं से
संबंधित ज्ञापन सौंपते। उन्होंने विशेष रूप से तिरहार क्षेत्र में यमुना नदी पर पक्का पुल निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि यह क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख आवश्यकता है। उनका कहना है कि पुल बनने से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। सपा नेता ने स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधियों से भी सवाल किया कि क्या वे मुख्यमंत्री के समक्ष इस महत्वपूर्ण मांग को उठाएंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और विकास कार्यों की घोषणा का इंतजार है।


No comments:
Post a Comment