पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से मिलेगा बड़ा सुरक्षा कवच
खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को तहसील स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन खागा स्थित रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने योजना को शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए इसकी सराहना की। इस दौरान 30 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड भी वितरित किए गए।
![]() |
| शिक्षक को प्रतीकात्मक कार्ड देते जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह। |
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को 1200 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच होने वाले एमओयू का उल्लेख करते हुए बताया कि एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विभिन्न अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलेंगी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी हथगाम नरेंद्र सिंह ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों तथा अन्य कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य संरक्षण और आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक लाभार्थी परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। इससे गंभीर बीमारी या महंगे इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने वाराणसी से किया। उपजिलाधिकारी खागा अभिनीत कुमार ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह, भाजपा जिला महामंत्री विमलेश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष बृजेश सिंह, मोदी मिशन के जिला अध्यक्ष अवधेश मिश्र, दीनदयाल उपाध्याय मॉडल विद्यालय के प्रधानाचार्य शशिभूषण, खंड शिक्षा अधिकारी विजयपुर रजनीश श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी धाता संजय सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी ऐरायां रत्नामणि मिश्रा, जिला महामंत्री विजय कुमार त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। संचालन डॉ. अम्बिका प्रसाद मिश्र ने किया।


No comments:
Post a Comment