मेघों की मेहरबानी से तपिश पर ब्रेक, बारिश ने दिलाई राहत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, July 8, 2026

मेघों की मेहरबानी से तपिश पर ब्रेक, बारिश ने दिलाई राहत

शहर की सड़कों पर जगह-जगह हुआ जलभराव, बढ़ी आफत

राहगीरों व स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी परेशानी

फतेहपुर, मो शमशाद । भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को आखिरकार बारिश ने बड़ी राहत दी। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का सिलसिला बुधवार सुबह भी जारी रहा। सुबह से कई दौर में हुई झमाझम बारिश से मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही ने लोगों को राहत की सांस लेने का मौका दिया। हालांकि बारिश ने गर्मी से निजात दिलाई, लेकिन शहर की जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत भी उजागर कर दी। थोड़ी ही देर की तेज बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाके और प्रमुख सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों का आवागमन प्रभावित

बारिश के बाद रानी कालोनी रोड पर जलभराव का दृश्य।

रहा। राहगीरों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन और जलभराव के बीच सावधानी से सफर तय करना पड़ा। सुबह स्कूल का समय होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को झेलनी पड़ी। कई बच्चे बारिश में भीगते हुए स्कूल पहुंचे, जबकि जलभराव वाले मार्गों से गुजरने में उन्हें काफी कठिनाई हुई। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा। बारिश के बाद शहर के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ी। लोगों ने गर्मी से मिली राहत का स्वागत किया, लेकिन साथ ही नगर की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई। नागरिकों का कहना है कि हर बारिश में शहर के निचले इलाकों में जलभराव होना आम बात बन चुकी है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में जहां किसानों के चेहरों पर खुशी है, वहीं शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने का इंतजार भी रहेगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages