गजानन माता मंदिर के पास पानी निकासी ठप,
स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी;
मोहल्ले वालों ने सभासद पर लगाए अनदेखी के आरोप
बांदा, के एस दुबे । शहर के वार्ड नंबर 16 सर्वोदय नगर स्थित गजानन माता मंदिर के पास पिछले तीन दिनों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। लगातार पानी निकासी न होने के कारण पूरी गली पानी से लबालब भरी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि जलभराव के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चों को गंदे
पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर पालिका द्वारा पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
मोहल्ले वासियों ने वार्ड के सभासद ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ ज्ञानू पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में नगर पालिका की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि "नगर पालिका अब नरक पालिका बन गई है।" स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मोहल्ले वासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।


No comments:
Post a Comment