महिलाओं को मिला रोजगार का मंच, मरीजों के तीमारदारों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण भोजन
फतेहपुर, मो शमशाद । जिला अस्पताल परिसर में अब मरीजों के तीमारदारों और आमजन को स्वच्छ, स्वादिष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण जलपान और भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार का नया अवसर भी मिलेगा। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में आहार-विहार मॉडल प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने फीता काटकर किया। मॉडल प्रेरणा कैंटीन का संचालन खजुहा विकास खंड के मातृभूमि संकुल स्तरीय समिति के अंतर्गत गठित छह महिला सदस्यों की एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स (एओपी) द्वारा किया जा रहा है। कैंटीन में अस्पताल आने वाले मरीजों के तीमारदारों
![]() |
| जिला अस्पताल में प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ करतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान। |
के साथ आम लोगों को सूक्ष्म जलपान, भोजन, लस्सी, शीतल पेय समेत अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। राज्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह सराहनीय पहल है। अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना व आमजन को उचित मूल्य पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। कैंटीन शुरू होने से जिला अस्पताल आने वाले लोगों को भी सुविधाजनक एवं किफायती भोजन की सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।


No comments:
Post a Comment