ज्वेलर्स पर 184 ग्राम सोना हड़पने और धमकी देने का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 23, 2026

ज्वेलर्स पर 184 ग्राम सोना हड़पने और धमकी देने का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार

बांदा, के एस दुबे । शहर की सुनारी गली निवासी एक व्यक्ति ने चौक बाजार स्थित एक ज्वेलर्स संचालक पर 184 ग्राम 0.950 मिलीग्राम सोना हड़पने और रुपये न लौटाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली को प्रार्थना पत्र देकर अपना सोना वापस दिलाने तथा आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, सुनारी गली निवासी गोविंद सोनी पुत्र लालाराम सोनी ने बताया कि वह अपने परिवार की महिलाओं के जेवर गलाकर बेचने के लिए वैभव अग्रवाल पुत्र संजय अग्रवाल की चौक बाजार, बांदा स्थित दुकान पर गया था। आरोप है कि दुकानदार ने 184 ग्राम 0.950 मिलीग्राम सोना खरीद लिया और कहा कि दो लाख आठ हजार रुपये नकद देने के बाद सोने का मूल्य दे देगा।


पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद वह कई बार दुकान पर गया, लेकिन दुकानदार ने न तो सोना वापस किया और न ही रुपये दिए। पीड़ित के मुताबिक वह 27 नवंबर 2025 से लगातार दुकान संचालक के पास चक्कर लगा रहा है और उसे केवल आश्वासन मिलता रहा। आरोप है कि 12 अगस्त 2026 को जब प्रार्थी ने दुकानदार को फोन किया तो उसने फोन न करने और सोना व रुपये न देने की बात कही। प्रार्थी के अनुसार उसके साथ गाली-गलौज भी की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुकानदार ने पूर्व में एक बड़े व्यापारी की हत्या किए जाने की बात कहकर धमकाया। पीड़ित गोविंद सोनी ने पुलिस से मामले की जांच कर 184 ग्राम सोना वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर नजर है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages