स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए पालिका की पहल
हर वार्ड में 25 से 30 परिवारों को मिलेगा डस्टबिन
फतेहपुर, मो शमशाद । शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने की पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एवं अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने डस्टबिन वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र कर नगर पालिका के कचरा वाहनों को देने के लिए जागरूक करना है।
![]() |
| कर्मचारियों को डस्टबिन सौंपते अध्यक्ष राजकुमार मौर्य। |
नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने बताया कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में ऐसे परिवारों का चयन किया जाएगा जो नियमित रूप से घर का कचरा अलग-अलग कर नगर पालिका के कचरा वाहन को सौंपते हैं। ऐसे लोगों को दो रंग के डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण घर से ही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में लगभग 25 से 30 परिवारों को डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। लाभार्थियों का चयन सफाई कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा और नगर पालिका के कर्मचारी उनके घर तक डस्टबिन पहुंचाएंगे। इससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में भी सहायता मिलेगी। अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कचरे का पृथक्करण करें और नगर को स्वच्छ रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। इस अवसर पर नगर पालिका के सभासदों के अलावा मोहम्मद हबीब एवं संजय सिंह सहित पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment