बकरी को निगल रहा था अजगर, नजारा देख मचा हड़कंप - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 9, 2026

बकरी को निगल रहा था अजगर, नजारा देख मचा हड़कंप

गन्ने के खेत के पास बंधी बकरी को बनाया शिकार

रस्सी से बांधकर ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

धाता, फतेहपुर, मो शमशाद । विकास खंड धाता के रसूलपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत के पास निजी नलकूप के समीप करीब दस फीट लंबा अजगर एक बकरी को निगलता दिखाई दिया। अजगर को बकरी को निगलते देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी देर तक लोग दूरी बनाकर खड़े रहे और किसी तरह अजगर को काबू में करने का प्रयास किया। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास निजी नलकूप लगा है। इसके समीप ही एक बगीचे में आसन अली की बकरी बंधी थी। इसी दौरान अजगर ने बकरी को अपनी चपेट में ले लिया और उसे निगलना शुरू कर दिया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने

अजगर को रेस्क्यू करती वन विभाग की टीम।

शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, अजगर बकरी को काफी हद तक निगल चुका था। कुछ देर बाद बकरी की मौत हो गई। विशालकाय अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने बच्चों और अन्य लोगों को मौके से दूर कर दिया। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाई और रस्सी की मदद से अजगर को नियंत्रित कर बांध दिया, ताकि वह किसी अन्य पशु या व्यक्ति को नुकसान न पहुंचा सके। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अजगर की फोटो लेकर वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार वन विभाग को भी घटना की जानकारी दे दी गई थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को कब्जे में लिया। टीम अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले गई। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के रेंजर आकाश सिंह ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची थी और अजगर को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages