खेती में नवाचार से बढ़ेगी किसानों की आमदनी: सीडीओ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, September 10, 2026

खेती में नवाचार से बढ़ेगी किसानों की आमदनी: सीडीओ

क्लस्टर खेती, सूक्ष्म सिंचाई, पॉली हाउस व शेडनेट हाउस अपनाने के निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । किसानों की आय बढ़ाने व औद्यानिक खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में औद्यानिक कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों, उद्यमियों, एफपीओ प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ हाई वैल्यू फसलों, कैश क्रॉप और मूल्य संवर्धन को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सीडीओ ने कहा कि औद्यानिक फसलों को क्लस्टर के रूप में विकसित करने से किसानों को बेहतर उत्पादन और बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने खेतों में सूक्ष्म

औद्यानिक कृषक संवाद कार्यक्रम में भाग लेते सीडीओ व अन्य।

सिंचाई संयंत्रों की उपयोगिता बताते हुए किसानों से ड्रिप और अन्य आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने की अपील की। जैविक खेती के साथ ट्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, रंगीन शिमला मिर्च जैसी एक्जोटिक फल एवं सब्जियों की खेती तथा संरक्षित खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने पॉली हाउस और शेडनेट हाउस लगाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करते हुए संबंधित विभागों को गोष्ठियों का आयोजन कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर भी जोर दिया। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने किसानों, उद्यमियों, एफपीओ और विभिन्न विभागों के अधिकारियों का आभार जताते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में ज्येष्ठ विपणन निरीक्षक, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक, भूमि संरक्षण अधिकारी, राजकीय कृषि विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। प्रगतिशील किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में धर्मेन्द्र सिंह, मयंक राज, पंकज कुमार पटेल समेत उद्यान विभाग के कर्मचारी, प्रगतिशील किसान, उद्यमी, एफपीओ प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages