15 वर्षों बाद आत्मीय मिलन, पुरानी स्मृतियों में डूबे सेवारत प्रशिक्षण साथी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, September 6, 2026

15 वर्षों बाद आत्मीय मिलन, पुरानी स्मृतियों में डूबे सेवारत प्रशिक्षण साथी

विषम परिस्थितियों में सहयोग के लिए बनेगा सहायता कोष

फतेहपुर, मो शमशाद । शहर के आबूनगर स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को सेवारत मृतक आश्रित नियुक्त बीटीसी प्रशिक्षण से जुड़े साथियों का आत्मीय मिलन एवं स्मृति संगम समारोह आयोजित हुआ। करीब 15 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले साथियों ने पुराने प्रशिक्षण काल की स्मृतियां साझा कीं तो कई अवसरों पर आंखें नम हो गईं और साथी पुरानी यादों में भावुक हो उठे। पांच घंटे चले इस समारोह में आत्मीयता, स्मृतियों और आपसी सहयोग का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन अनुराग मिश्र ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत 93 सदस्यीय बैच के उन नौ दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और दो मिनट का मौन रखकर की गई, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। साथियों ने उनके साथ बिताए प्रशिक्षण काल और जुड़ी स्मृतियों को याद करते हुए भावभीनी

आत्मीय मिलन एवं स्मृति संगम समारोह में भाग लेते साथी।

श्रद्धांजलि अर्पित की। संचालक अनुराग मिश्र ने कहा कि यह औपचारिक मिलन नहीं, बल्कि उन रिश्तों और स्मृतियों को फिर से जीवंत करने का अवसर है, जिन्हें समय और परिस्थितियां कभी खत्म नहीं कर सकीं। उन्होंने कहा कि हमारा यह साथ केवल यादों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत के समय एक-दूसरे के काम आए, यही इस मिलन की सार्थकता होगी। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि साथियों के हित और समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। दिग्विजय सिंह ने फंड और पेंशन से संबंधित समस्याओं के निराकरण में निस्वार्थ भाव से सहयोग करने का भरोसा दिलाया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक और यादगार बना दिया। व्यवस्थाएं प्राथमिक शिक्षक संघ नगर इकाई अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने संभालीं। रणनीति जगदीश कुमार यादव ने तैयार की। समारोह में विनोद सिंह, स्मृति श्रीवास्तव, रामदुलारे पाठक, लालसा यादव, प्रभावती, राखी, तारावती, अजय द्विवेदी, आदित्य गुप्त, सुधीर कुमार, अनूप सविता, राम नारायण मिश्र, सीपी वर्मा सहित तमाम साथियों ने प्रतिभाग किया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages