एफआईआर दर्ज कराने की मांग
बांदा, के एस दुबे । संत आशीर्वाद दास महाराज द्वारा चित्रकूटधाम मंडलायुक्त को दिए गए पत्र में चित्रकूट स्थित एक हनुमान धाम आश्रम की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने तथा आश्रम के कीमती सामान को नुकसान पहुंचाने और लूटने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में जांच कर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, आश्रम से जुड़े व्यक्ति हरि प्रकाश मिश्रा व उसकी पत्नी ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने स्वयं को आश्रम से संबंधित बताकर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आश्रम की भूमि
पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप है कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि आश्रम में जबरन प्रवेश कर ताले तोड़े गए और कीमती सामान को नुकसान पहुंचाया गया। पत्र में आश्रम की संपत्ति को सुरक्षित कराने तथा कथित कब्जाधारकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। मंडलायुक्त कार्यालय की ओर से जिलाधिकारी चित्रकूट को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और यदि मौके पर अवैध कब्जा पाया जाए तो नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


No comments:
Post a Comment