चार वाहनों में ठूंसकर ले जाई जा रहीं भैंसें पकड़ीं - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 8, 2026

चार वाहनों में ठूंसकर ले जाई जा रहीं भैंसें पकड़ीं

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रोककर किया हंगामा

एक वाहन में 47 भैंसें मिलने का दावा, पुलिस ने चारों वाहन कब्जे में लिए

फतेहपुर, मो शमशाद । सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भैंसों से लदे चार वाहनों को रोक लिया। आरोप है कि वाहनों में क्षमता से अधिक संख्या में भैंसों को ठूंस-ठूंसकर लादा गया था और उन्हें चोरी-छिपे स्लाटर हाउस ले जाया जा रहा था। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने चारों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को लखनऊ बाईपास से बड़ी संख्या में भैंसों को वाहनों के जरिए ले जाए जाने की जानकारी मिली थी। कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोककर जांच की तो उनमें बड़ी संख्या में पशु लदे मिले।

वाहन रोक कर हंगामा करते हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी।

बताया गया कि एक वाहन में करीब 47 भैंसें ठूंसकर लादी गई थीं। कम जगह में इतनी अधिक संख्या में पशुओं को ले जाने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बाईपास पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामे की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची व स्थिति को संभाला। पुलिस ने चारों वाहनों को अपने कब्जे में लेने के साथ उनमें लदे पशुओं को भी अपने नियंत्रण में ले लिया। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की गई। हिंदूवादी नेता धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया कि पशुओं को चोरी-छिपे स्लाटर हाउस ले जाया जा रहा था। साथ ही पशुओं को नियमों की अनदेखी कर अत्यधिक संख्या में वाहनों में लादकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। कार्यकर्ताओं ने पशु क्रूरता एवं अवैध परिवहन से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब चारों वाहनों के दस्तावेज, चालकों की जानकारी, पशुओं से संबंधित कागजात, परिवहन की अनुमति और पशुओं को ले जाने के उद्देश्य समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित वाहन चालकों व पशु मालिकों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चारों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages