मूसलाधार बारिश का कहर: अलग-अलग गांवों में कच्ची दीवारें गिरने से दो वृद्ध महिलाओं की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 2, 2026

मूसलाधार बारिश का कहर: अलग-अलग गांवों में कच्ची दीवारें गिरने से दो वृद्ध महिलाओं की मौत

बबेरू/बांदा, के एस दुबे । बबेरू क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि दो अलग-अलग गांवों में कच्ची दीवारें गिरने से दो वृद्ध महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सिमौनी गांव में 68 वर्षीया प्यारी पत्नी राम रतन रात में अपने घर पर सो रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी शारदा यादव की कच्ची दीवार लगातार बारिश के कारण ढहकर उनके ऊपर आ गिरी। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने परिजनों की मदद से शव को सीएचसी बबेरू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया है। मृतका के चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।


मरका क्षेत्र के बैरफ कंधई डेरा गांव में 60 वर्षीया महदेईया पत्नी रामखेलावन बुधवार तड़के अपनी कच्ची दीवार के पास सो रही थीं, जहां पास में मवेशी भी बंधे थे। भारी बारिश के चलते कच्ची दीवार भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से महिला के साथ ही एक मवेशी की भी मौके पर मौत हो गई। परिजन मशक्कत कर उन्हें बाहर लाए और 108 एंबुलेंस से सीएचसी बबेरू पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोपहर एक बजे पोस्टमार्टम हेतु मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया। मृतका के तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages