चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : श्री गोस्वामी इंटर कॉलेज छीबों के ठा. उजागर सिंह खेल मैदान में तीन दिवसीय 28वीं जिला स्तरीय बालक-बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी और जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने कबूतर उड़ाकर किया। इस दौरान उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी ली और हरी झंडी दिखाकर दौड़ प्रतियोगिताओं की शुरुआत कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। एनसीसी के विद्यार्थियों ने परेड करते हुए मुख्य अतिथियों को मंच तक पहुंचाया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विधायक और डीआईओएस ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए
खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। पहले दिन बालक और बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही लंबी कूद, गोला फेंक और चक्का फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाएं भी प्रतियोगिता का हिस्सा रहीं। आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रबंधक संतोष कुमार पांडेय और प्रधानाचार्य शिवशंकर चौधरी ने विधायक व डीआईओएस को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रामराज पाण्डेय, व्यायाम शिक्षक संजय यादव आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment