चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इस अवसर पर गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में किसान उत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम का जनपद में भी लाइव प्रसारण किया जाएगा। उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने बताया कि 30 अक्टूबर को किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने के उपलक्ष्य में जिले में किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्टरेट सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विकासखंड एवं न्याय पंचायत स्तर पर भी विभागीय अधिकारियों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए
जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री के संबोधन एवं बनासकांठा में आयोजित किसान उत्सव का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की कृषि योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीक तथा किसान हित में संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। कृषि विभाग की ओर से कार्यक्रम को प्रभावी बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित कर कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। किसानों से कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की गई है।


No comments:
Post a Comment