चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्टरेट सभागार में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की मौजूदगी में अधिकारियों को त्योहार के दौरान सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। जिले में इस बार 1152 दुर्गा पूजा पंडाल प्रस्तावित हैं। बैठक में डीएम ने कहा कि सभी पंडालों में आयोजक पहले से अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करें। पंडालों के अंदर खुले तार मिलने या विद्युत संबंधी घटना होने पर संचालक जिम्मेदार होंगे। विद्युत विभाग को विसर्जन मार्गों पर जर्जर व लटकते तार तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सहायकों के माध्यम से निगरानी कराई
जाएगी। डीएम ने शासन और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार रात 10 से सुबह छह बजे तक डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर रोक का पालन कराने को कहा। बताया कि अश्लील व भड़काऊ गीतों पर भी सख्ती रहेगी। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई, छुट्टा पशुओं को कैटल कैचर से पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने तथा प्रत्येक क्षेत्र पंचायत में कैटल कैचर की व्यवस्था के निर्देश दिए। इसके अलावा मूर्ति विसर्जन मार्गों को समय से गड्ढामुक्त करने, प्रमुख स्थलों पर पेयजल टैंकर व गोताखोर तैनात करने को कहा गया। सीएमओ को पर्याप्त दवाएं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मिलावट के खिलाफ अभियान और एआरटीओ को सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने और बिना अनुमति नए पंडाल न लगने देने के निर्देश दिए। इस मौके पर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment