बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे में नवरात्र महोत्सव के समापन पर बुधवार को सभी दुर्गा प्रतिमाओं का अतर्रा रोड स्थित घसिला तालाब में विसर्जन किया गया। इस दौरान डीजे की धुन पर देवी भक्त झूमते नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बता दे की, नवरात्र महोत्सव के अवसर पर बबेरू कस्बे में जगह-जगह दुर्गा पंडाल सजाए गए थे। बुधवार को देवी भक्तों ने अपने-अपने पंडालों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं को पूजन के बाद डीजे की धुन के साथ नगर भ्रमण कराया। इसके बाद सभी प्रतिमाएं मां मढ़ीदाई मंदिर पहुंचीं। वहां से कमासिन रोड होते हुए मुख्य चौराहे पर पहुंचीं, जहां केंद्रीय दुर्गोत्सव समिति की ओर से मंगला आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद सभी दुर्गा प्रतिमाओं को लाइन से अतर्रा रोड स्थित घसिला तालाब ले जाया गया। जहां
प्रशासन की ओर से पहले से ही नाव की व्यवस्था की गई थी। नाव के माध्यम से एक-एक करके सभी प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन कराया गया। विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर देवी भक्तों का स्वागत भी किया गया। दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं तहसील प्रशासन भी मौके पर मुस्तैद रहा, जिससे विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। बबेरू सदर लेखपाल राजेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि कस्बे में करीब 40 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। सभी प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर घसिला तालाब पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। नाव के माध्यम से एक-एक करके सभी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।


No comments:
Post a Comment