बांदा, के एस दुबे । जनपद के थाना अतर्रा क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर आग लगाने और गंभीर रूप से घायल करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बाँदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। घटना गत 21 सितंबर 2026 की है। थाना नरैनी क्षेत्र के ग्राम बाबूपुर निवासी रामप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी थी कि थाना अतर्रा क्षेत्र के एक पूर्व परिचित व्यक्ति ने आपसी रंजिश के चलते उन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना अतर्रा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 124(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने मामले की
गंभीरता को देखते हुए अभियुक्त की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर, शनिवार की देर शाम अभियुक्त को ग्राम बल्लान थाना अतर्रा से दबोच लिया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। उमेश पुत्र रामप्रताप, निवासी- सेमरिया कुशल लाला का पुरवा, ग्राम बल्लान, थाना अतर्रा, जनपद बाँदा। मु.अ.सं.- 352/26, धारा 109/124(1),थाना अतर्रा, बाँदा। इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना अतर्रा के निरीक्षक मेहरे आलम, कांस्टेबल शाश्वत यादव और कांस्टेबल शिवम प्रताप सिंह शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment