बाँदा में दरोगाओं की हठधर्मिता पर फूटा जलशक्ति राज्यमंत्री का गुस्सा
सीओ सिटी के ठोस आश्वासन देने के धरना खत्म किया मंत्री ने
धरना खत्म होते ही मीडिया से रूबरू हुए बिना मंत्री पहुंचे सर्किट हाउस
बाँदा, के एस दुबे । जिले की राजनीति में शायद अब 25 अक्टूबर का दिन सदैव याद रखा जायेगा। रविवार को सुबह होते ही उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रामकेश निषाद बांदा कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गये, जबकि वह स्वयं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री है, मंत्री जी के धरने पर बैठते ही कोतवाली पुलिस से लेकर जिले के उच्चाधिकारियों के हांथ पांव फूलने लगे। देखते ही देखते कोतवाली परिसर के बाहर पुलिस के उच्चाधिकारियों, भाजपा नेताओं और मीडिया कर्मियों का भारी हुजूम जमा हो गया। थोड़ी देर बाद जब माजरा कुछ-कुछ समय आया तो पता चला कि मंत्री जी एक पीड़ित को न्याय दिलाने के लिये कोतवाली पहुंचे थे, हांलाकि मंत्री जी के धरने
के बाद कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी सदर ने फौरी कार्यवाही करते हुये एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के छावनी डेरा मजरा दरदा निवासी एक ई-रिक्शा चालक लालभइया पुत्र रामसजीवन ने कोतवाली प्रभारी को दिए गए शिकायती पत्र में कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को प्रार्थना पत्र देकर न्याय और कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को दिन में करीब 11 बजे वह अपना रिक्शा लेकर जा रहा था। जब वह छावनी डेरा तिराहे के पास पहुँचा, तो हर्षित यादव (पुत्र बलराम यादव), मोहित यादव, राजकरण यादव और दो अन्य अज्ञात लोगों ने उसका रिक्शा रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने श्गुंडा टैक्सश् न देने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की, लात-घूंसों से मारपीट की और उसकी किस्त जमा करने के लिए रखे 9,000/- रुपये जबरन छीन लिए। साथ ही यह धमकी दी कि हर महीने 10,000/- रुपये देने होंगे, वरना रिक्शा नहीं चलाने दिया जाएगा और हत्या कर दी जाएगी। पीड़ित जब शिकायत लेकर कृषि विश्वविद्यालय चौकी गया, तो वहाँ मौजूद दरोगा दीपक कुमार सैनी ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे कान पकड़कर उठक-बैठक कराई और अत्यधिक मारा-पीटा। आरोप है कि दरोगा ने कहा, घर जाओ, ज्यादा शिकायत के चक्कर में मत पड़ो, नहीं तो जेल भेज देंगे। डर के मारे घर लौटते समय उन लोगों ने उसे रास्ते में फिर मारा-पीटा, जिससे उसके शरीर और आँख पर गंभीर चोटें आईं। रात में किसी तरह छिप-छिप कर जब वह कोतवाली पहुँचा, तो वहाँ मिले दरोगा प्रभुनाथ यादव ने भी कथित तौर पर उसे धमकाया और मारा-पीटा, तथा रिपोर्ट लिखे बिना भगा दिया। पीड़ित ने गवाहों के तौर पर शिवसागर (पुत्र रामसजीवन) और दुर्वेन्द्र (पुत्र रामसजीवन) का हवाला देते हुए कोतवाली प्रभारी से मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर/सिटी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। सीओ सिटी काफी देर तक मंत्री जी को मनाने और अनशन समाप्त कराने का लगातार प्रयास करते रहे। लेकिन मंत्री रामकेश निषाद दोषी पुलिसकर्मियों और आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग पर पूरी तरह अड़े रहे। लगभग चार घंटे तक चले इस भारी गहमागहमी और तनावपूर्ण घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों की ओर से ठोस और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मंत्री जी ने अपना अनशन समाप्त किया।
सवाल यह उठता है कि यदि खाकी के कुछ भ्रष्ट और बेलगाम अधिकारी खुद को कानून और जवाबदेही से ऊपर समझने लगें, तो एक आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे लगाएगा? क्या वर्दी जनता की रक्षा के लिए है या गरीबों का खून चूसने और अपराधियों को पालने के लिए? बाँदा की जनता अब यह सवाल पूछने पर मजबूर है कि जब सत्ता में बैठे जिम्मेदारों को भी न्याय के लिए धरने का सहारा लेना पड़े, तो इस व्यवस्था में आम आदमी की फरियाद कौन सुनेगा? न्याय कोई भीख या कृपा नहीं, बल्कि हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। बाँदा की जनता को ऐसी पारदर्शी और सख्त व्यवस्था चाहिए जहाँ हर पीड़ित की बात सुनी जाए और दोषियों पर तत्काल नकेल कसे।


No comments:
Post a Comment