जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वाेच्च प्राथमिकता, कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, October 10, 2026

जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वाेच्च प्राथमिकता, कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश

बांदा, के एस दुबे । चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक के साथ थाना कर्वी में आयोजित समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न हो, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। भूमि विवाद, पैमाइश, बंटवारा और फर्जी बैनामा जैसे मामलों में अभिलेखों का समुचित परीक्षण करने तथा आवश्यकतानुसार राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम से स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए गए।


समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त ने आगामी अमावस्या मेला, शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मेलों और पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है, इसलिए उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र और घाटों की व्यवस्थारू रामघाट व आसपास के क्षेत्रों में साफ-सुथरे शौचालय, निर्बाध पेयजल, और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों एवं सीढ़ियों पर फिसलन रोकने के उपाय किए जाएं तथा खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।

नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस, गोताखोरों और आवश्यक बचाव संसाधनों की मुकम्मल व्यवस्था रखी जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। पंडालों का निर्माण सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो, जिसमें प्रवेश और निकास के पर्याप्त मार्ग हों। अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आपातकालीन वाहनों की पहुंच सुनिश्चित की जाए। दुर्गा प्रतिमाओं की ऊंचाई 10 से 12 फुट से अधिक न हो। विसर्जन और स्थापना के दौरान निर्धारित मार्गों और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए।विद्युत विभाग झुके हुए पोलों, लटकते तारों को ठीक करे और सुरक्षित कनेक्शन दे। लोक निर्माण विभाग प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करे तथा जलभराव की रोकथाम के लिए समुचित जलनिकासी सुनिश्चित करे।स्वास्थ्य विभाग द्वारा पर्याप्त दवाएं, एम्बुलेंस, चिकित्सा शिविर और प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि आपात स्थिति में तुरंत उपचार मिल सके। आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करें ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण मिल सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages