मंत्री रामकेश निषाद के गृह जनपद में वर्षों से सड़क को तरस रहे ग्रामीण
बांदा, के एस दुबे । जनपद के बबेरू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत काजी टोला के मजरा सुखदेव के डेरा की निषाद बस्ती में सड़क निर्माण की मांग वर्षों से लंबित है। ग्रामीणों का कहना है कि वे सड़क बनवाने के लिए मंत्री रामकेश निषाद, सांसद, विधायक और संबंधित अधिकारियों से लगातार गुहार लगा रहे हैं। इतना ही नहीं, ग्रामीण बबेरू तहसील से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय बांदा तक चक्कर काट चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। मंत्री रामकेश निषाद के गृह जनपद में ही ग्रामीणों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए वर्षों से परेशान होना पड़ रहा है, जिससे विकास के दावों और जमीनी हकीकत पर सवाल उठ रहे हैं। इसी
मामले को लेकर जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल सुखदेव के डेरा पहुंचीं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उन्हें अपनी पीड़ा बताते हुए जल्द सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि जब ग्रामीण वर्षों से अपनी समस्या लेकर तहसील से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक चक्कर काट रहे हैं, तो संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ग्रामीणों के साथ संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया जाएगा और समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। अब सवाल यह है कि आखिर सुखदेव के डेरा की निषाद बस्ती को सड़क की सुविधा कब मिलेगी और ग्रामीणों को अपनी ही समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर कब तक काटने पड़ेंगे?


No comments:
Post a Comment