चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान, पोषण माह और हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के तहत सम्मान एवं साड़ी वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के चयनित बच्चों अरस, ईशान, वैभव और अनिका को चॉकलेट, खिलौने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अनामिका, द्वितीय श्रेया और तृतीय स्थान अर्थव सिंह ने प्राप्त किया। विजेता बच्चों की माताओं में भी उत्साह नजर आया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सरकार की ओर से साड़ियां वितरित की गईं। परिसर में बनाई गई आकर्षक
रंगोली ने भी लोगों का ध्यान खींचा। सभी ने रंगोली के साथ फोटो खिंचवाई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी देवी प्रसाद पाल ने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और महिला-बाल विकास सेवाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय ने कहा कि जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के नेतृत्व में चित्रकूट को मॉडल जनपद के रूप में विकसित किया जा रहा है। संचालन आकृति शर्मा ने किया। इस मौके पर जिला सकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता, सीडीपीओ सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।


No comments:
Post a Comment