मऊ में जिलाधिकारी ने किया पुराने अस्पताल और दशरथ घाट का निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, October 2, 2026

मऊ में जिलाधिकारी ने किया पुराने अस्पताल और दशरथ घाट का निरीक्षण

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने मऊ में पुराने अस्पताल परिसर और ग्राम पंचायत नेवरा स्थित दशरथ घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुराने अस्पताल परिसर में स्थानीय लोगों ने मर्चरी हाउस (शवगृह) निर्माण की मांग रखी। वहीं दशरथ घाट पर पर्यटन विभाग की ओर से कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता और रखरखाव की स्थिति देखी। पुराने अस्पताल परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी मऊ को संबंधित भूमि का सीमांकन कराकर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि की स्थिति स्पष्ट होने के बाद मर्चरी हाउस निर्माण के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। परिसर की सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी जरूरतों और अपेक्षाओं को समझते हुए मर्चरी हाउस अथवा जनहित से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधा विकसित करने के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार करने को कहा।



इसके बाद उन्होंने नेवरा स्थित दशरथ घाट पर पर्यटन विभाग द्वारा विकसित सुविधाओं का निरीक्षण किया। यहां शौचालय ब्लॉक, यात्री शेड, गजीबो, प्रवेश द्वार, स्टोन फ्लोरिंग, सोलर लाइट, बेंच, डस्टबिन और इंटरलाकिंग समेत अन्य कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने निर्मित हॉल और यात्री शेड में पेंटिंग व प्रकाश व्यवस्था का काम पूरा कराने के बाद ही ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। हस्तांतरण के बाद हॉल और टीन शेड की चाबियां पंचायत सहायक के पास सुरक्षित रखने को कहा, ताकि जरूरत के अनुसार इनका व्यवस्थित उपयोग हो सके। डीएम ने मंदिर तक आवागमन सुगम बनाने के लिए पहुंच मार्ग का सर्वे कराने और कम लागत में उपयुक्त मार्ग विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश एसडीएम को दिए। ग्राम पंचायत की सीमा पर सीमांकन पिलर स्थापित कराने तथा पर्यटन स्थल पर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया। इस मौके पर निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कटियार, उपजिलाधिकारी आरआर रमन, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages