शराब के नशे में मामूली विवाद के बाद वारदात को दिया था अंजाम,
कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद; पुलिस टीम को मिला 10 हजार रुपये का इनाम
बांदा, के एस दुबे । जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास दुकान में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस के मुताबिक, महोखर निवासी भोला उर्फ दर्शन पुत्र जगनन्दन की 7 अक्टूबर 2026 की शाम कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में 9 अक्टूबर को मृतक के चाचा संजीव कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद कोतवाली देहात में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया। मंगलवार, 13 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास से गोविन्द उर्फ गुड्डन पुत्र बृजमोहन निवासी महोखर, थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह मृतक के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान मामूली विवाद होने पर उसने कुल्हाड़ी से वार कर भोला उर्फ दर्शन की हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 270/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 में कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में कोतवाली देहात के थानाध्यक्ष संजीव चौंबे, उपनिरीक्षक अमित राजपूत, गौरव प्रताप सिंह, कांस्टेबल माधव सिंह, सचिन पटेल और महिला कांस्टेबल पुष्पा कुशवाहा शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।


No comments:
Post a Comment