उम्र को मात देकर तरन्नुम परवीन ने बढ़ाया जिले का मान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, October 11, 2026

उम्र को मात देकर तरन्नुम परवीन ने बढ़ाया जिले का मान

रियलिटी शो में झांसी की रानी बन दिखाया दमखम

फतेहपुर, मो शमशाद । प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती और अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती। इसी जज्बे को शहर के सैय्यदवाड़ा निवासी तरन्नुम परवीन साकार कर रही हैं। जिन्होंने इंडियाज टैलेंट फाइट रियलिटी टीवी शो 2026 सीजन-7 में अपने अभिनय का हुनर दिखाकर जिले का नाम रोशन किया है। बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों से जुड़े इस रियलिटी शो में तरन्नुम परवीन ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका निभाकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल तक पहुंचकर अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया। तरन्नुम परवीन पत्नी मोहम्मद दिलशाद ने उत्तराखंड के रुड़की में आयोजित रियलिटी शो में

रियलिटी शो में झांसी की रानी के किरदार में तरन्नुम परवीन।

ऐतिहासिक वीरांगना झांसी की रानी के किरदार को जीवंत करने का प्रयास किया। उनके अभिनय, आत्मविश्वास व जज्बे ने उनकी प्रतिभा को मंच पर पहचान दिलाई। शो से जुड़ी बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों में गीता मां और अनु मलिक जैसे नाम शामिल हैं। शो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के बाद शहर लौटने पर तरन्नुम परवीन का उनके घर के पास स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। तरन्नुम परवीन का कहना है कि उम्र सिर्फ एक गिनती है, इंसान के भीतर कुछ कर गुजरने का जज्बा और आत्मविश्वास होना चाहिए। अगर मन में उमंग और आगे बढ़ने का संकल्प हो तो उम्र कभी रास्ते की बाधा नहीं बन सकती। उनका मूल मंत्र है जो फिट है, वही हिट है। वह कहती हैं कि दिल में उमंग हो तो बेबसी कैसी, उम्र की ऐसी की तैसी। उनका सफर उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो उम्र या परिस्थितियों को अपनी राह का रोड़ा मानकर सपनों से दूरी बना लेते हैं। फतेहपुर की यह बेटी अपने हौसले और प्रतिभा के दम पर यह संदेश दे रही है कि सपने देखने और उन्हें पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages