योगीराज में अपराधियों पर बांदा पुलिस का बड़ा प्रहार, थर-थर कांपे माफिया - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, October 2, 2026

योगीराज में अपराधियों पर बांदा पुलिस का बड़ा प्रहार, थर-थर कांपे माफिया

साढ़े 9 साल में 61 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, 1365 गुंडों पर कसा शिकंजा

रंगदारी और भू-माफिया का खेल खत्म, 753 शातिर अपराधी किए गए जिला बदर

बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के बीते साढ़े 9 वर्षों के कार्यकाल में बांदा जिले में कानून-व्यवस्था की सूरत पूरी तरह बदल चुकी है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि सीएम योगी की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत जिले में अपराधियों और माफियाओं की कमर तोड़ दी गई है और बांदा पुलिस ने रंगदारी, भू-माफिया और गुंडागर्दी पर पूरी तरह से अंकुश लगा दिया है। जिससे आम जनता के बीच एक भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण का निर्माण हुआ है।



बांदा में 1365 अपराधियों के खिलाफ की गई गुंडा एक्ट की कार्रवाई

पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 9 वर्षों में जिले में अपराधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। जनता को डराने-धमकाने, रंगदारी मांगने और अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए कुल 1365 शातिर अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इतना ही नहीं, समाज में खौफ पैदा करने वाले 753 शातिर अपराधियों को जिला बदर कर बांदा की सीमाओं से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।


गैंगेस्टर एक्ट के 139 मामले दर्ज कर 562 लोग भेजे गए सलाखों के पीछे

संगठित अपराध और माफिया तंत्र को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट का जमकर इस्तेमाल किया है। जिले में विभिन्न गिरोहों के खिलाफ गैंगस्टर के 139 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जिसके तहत कार्रवाई करते हुए 562 गैंगस्टर अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। इस पूरी मुस्तैदी के दौरान सबसे बड़ी चोट अपराधियों की आर्थिक रीढ़ पर की गई है। गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराध के जरिए अवैध रूप से अर्जित की गई कुल 61 करोड़ 8 लाख 38 हजार 657 रुपये की चल-अचल संपत्ति को कुर्क और जब्त किया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ और निष्पक्ष कार्रवाई से जहां अपराधियों में खौफ का माहौल है तो वहीं आम नागरिकों, व्यापारियों और महिलाओं में सुरक्षा की भावना पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हुई है।







No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages