ग्रामीण विकास व शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई
बांदा, के एस दुबे । चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा के आयुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. के साथ तहसील पैलानी के थाना चिल्ला में आयोजित समाधान दिवस में भाग लिया। समाधान दिवस के बाद आयुक्त ने ग्राम पंचायत दोहतरा में विद्यालय, पशु सेवा केंद्र, गौशाला और पंचायत भवन का तूफानी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली अव्यवस्थाओं और शिक्षा के गिरते स्तर पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। थाना चिल्ला में समाधान दिवस के दौरान कुल 5 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण करा
दिया।संयुक्त टीम करेगी जांचरू आयुक्त ने निर्देश दिए कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष व पारदर्शी कार्रवाई करे।आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उच्च प्राथमिक विद्यालय दोहतरा के निरीक्षण के दौरान परिसर में सफाई, पेयजल और मिड-डे मील की व्यवस्था तो ठीक मिली, लेकिन कक्षा-6 के फर्श की स्थिति जर्जर थी और लाइटें बंद पाई गईं। जब आयुक्त महोदय ने कक्षा के विद्यार्थियों से सवाल पूछे, तो बच्चे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। शिक्षण कार्य की खराब गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने प्रधानाचार्य को चेतावनी जारी की और शैक्षणिक स्तर में सुधार के साथ-साथ विद्युत व मरम्मत कार्य तत्काल पूरा कराने के सख्त निर्देश दिए।
दोहतरा स्थित पशु सेवा केंद्र के औचक निरीक्षण में केंद्र बंद पाया गया और भवन भी बेहद जर्जर हालत में था। पशुपालकों को सेवाएं न मिलने पर कड़ी अप्रसन्नता जताते हुए आयुक्त ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी बाँदा से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने साफ कहा कि पशु चिकित्सा सेवाओं में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। दोहतरा स्थित गौशाला के निरीक्षण के दौरान लगभग 200 गौवंश संरक्षित पाए गए। आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को गौवंशों के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। पंचायत भवन दोहतरा में लाइब्रेरी और कॉमन सर्विस सेंटर जैसी बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद पूरा परिसर अव्यवस्थित मिला। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी बाँदा से स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी ग्राम स्तरीय कर्मचारी पंचायत भवन में नियमित रूप से बैठकर ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं प्रदान करें। अजीत कुमार, आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण, शिक्षा की गुणवत्ता, पशु चिकित्सा और जनसुविधाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी अपने दायित्वों का संजीदगी से निर्वहन करें।


No comments:
Post a Comment