तेरही माफी मोड़ पर जलभराव और गड्ढों से हाइवे ठप - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, October 24, 2026

तेरही माफी मोड़ पर जलभराव और गड्ढों से हाइवे ठप

ग्रामीणों ने उठाई सड़क मरम्मत और नाला सफाई की मांग

तिंदवारी/बांदा, के एस दुबे । नगर पंचायत तिंदवारी क्षेत्र अंतर्गत तेरही माफी मोड़ के पास नाला जाम होने और जलभराव के चलते हाइवे की स्थिति बेहद बदहाल हो चुकी है। सड़क पर लबालब पानी भरने से गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण बांदा-फतेहपुर मार्ग पर राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है। सड़क पर भरे पानी और गड्ढों के बीच से स्कूली बच्चों की बसें, एम्बुलेंस, रोडवेज बसें, ई-रिक्शा, कारें, मोटरसाइकिलें और भारी ट्रक-ट्रैक्टर गुजरने को मजबूर हैं। गड्ढों का सही अंदाजा न होने के कारण कई बार वाहन पलटने की कगार पर पहुँच जाते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे का अंदेशा बना हुआ है। मौके पर लगभग 2


किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। नगर पंचायत तिंदवारी की चेयरमैन सुधा साहू ने इस पूरे मामले में अधिशासी अधिकारी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।चेयरमैन ने बताया कि बरसात के समय कई बार पम्पसेट लगवाकर पानी निकलवाया गया था। ईओ को बार-बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद वे जानबूझकर लापरवाही बरत रहे हैं। चेयरमैन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित में ईओ लल्लनराम यादव को तत्काल तिंदवारी नगर पंचायत से हटाया जाए।दोपहर में जानकारी मिलने पर ईओ मौके पर पहुंचे, लेकिन जलभराव और जाम की स्थिति देखने के बावजूद बिना कोई समाधान बताए ही चले गए। स्थानीय निवासी राजेंद्र द्विवेदी, संदीप गुप्ता, प्रकाश, रामप्रकाश प्रजापति, गुड्डू, युसुफ खान, रजनीश सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन इस मार्ग से हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। आए दिन गाड़ियों के पलटने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और नाले की सफाई कराकर जलभराव का स्थायी समाधान निकाला जाए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages