एक कुंतल से अधिक पटाखों के साथ दुकानदार गिरफ्तार
फतेहपुर, मो शमशाद । दीपावली के त्योहार से पहले पटाखों के अवैध भंडारण व कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जहानाबाद थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर बिना लाइसेंस भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब एक कुंतल 12 किलोग्राम विभिन्न ब्रांड के पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम और अवैध विस्फोटक पदार्थों के भंडारण के खिलाफ
![]() |
| पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी दुकानदार। |
अभियान चलाया जा रहा है। 20 अक्टूबर को जहानाबाद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे के मोहल्ला बंबा ऊपर में हाईवे किनारे एक दुकान के पीछे खाली जगह पर भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद जहीर उर्फ चुन्ना निवासी मोहल्ला औरंगाबाद कस्बा व थाना जहानाबाद को गिरफ्तार कर लिया। बरामद पटाखों का कुल वजन एक कुंतल 12 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में थाना जहानाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 191/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5/9ख में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक बिंध्येश कुमार गिरि, मुख्य आरक्षी श्याम कुंवर, आरक्षी वीरू सिंह, आरक्षी चंदन कुमार शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment