चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : तहसील क्षेत्र के ऐंचवारा गांव में ग्राम प्रधान सुनील शुक्ला के संयोजन में आयोजित दो दिवसीय दंगल का शुभारंभ रविवार को हुआ। पहले दिन एक दर्जन से अधिक कुश्तियों में स्थानीय समेत विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों ने जोरदार मल्लयुद्ध का प्रदर्शन किया। पहलवानों ने प्रतिद्वंद्वी को चित्त करने के लिए तरह-तरह के दांव-पेंच आजमाते हुए पूरा दमखम लगाया। विजेता पहलवानों को दंगल समिति की ओर से सम्मानित किया गया। दंगल में चित्रकूट के अलावा बांदा, हमीरपुर, मथुरा सहित आसपास के जनपदों से पहुंचे पहलवानों ने भाग लिया। लल्लू पहलवान बांदा और विवेक मथुरा के बीच भास्कर शुक्ला व शिवसंपत ने हाथ मिलवाकर कुश्ती शुरू कराई। वहीं नवल चित्रकूट और विनीत सरैंया के बीच उमेश पाण्डेय अगरहुंडा ने हाथ मिलवाया। इसके बाद दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को चित करने के लिए कई दांव आजमाए। इसी क्रम में धीरेन्द्र सरैंया और आशीष
खरौंध, देशराज पन्ना और मेघराज हमीरपुर, वीरेन्द्र खरौंध और अनीस हनुवा तथा देवराज पन्ना और ललित खरौंध के बीच भी रोमांचक मुकाबले हुए। कुश्ती के दौरान पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। दंगल देखने के लिए ऐंचवारा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और देर तक मुकाबलों का आनंद लिया। कुश्तियों में निर्णायक की भूमिका गुलाब सिंह, सुनील तिवारी और बीके शुक्ल ने निभाई। आयोजन के दौरान पवन गौतम, बब्बू तिवारी, भोलाशंकर, गऊलाल तिवारी, गुलजार सिंह, प्रकाश वर्मा, सनत उपाध्याय, पूर्व प्रधान त्रिवेणी प्रसाद शुक्ला, जयशंकर द्विवेदी, मुन्ना गौतम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment