सड़क किनारे बने वाहन स्टैंड स्थानांतरित कराने की मांग
फतेहपुर, मो शमशाद । शहर के आईटीआई रोड पर सड़क किनारे लंबे समय से खड़े किए जा रहे भारी वाहन जाम व दुर्घटना की आशंका का कारण बन रहे हैं। इससे जहां सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं ठेला-पटरी लगाकर आजीविका चलाने वाले पथ विक्रेताओं का रोजगार भी प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को लेकर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश से संबद्ध पथ विक्रेता संगठन ने क्षेत्राधिकारी यातायात नगर से सड़क किनारे बने अस्थायी वाहन स्टैंड को दूसरी जगह स्थानांतरित कराने की मांग की है। संगठन की ओर से दिए गए पत्र में कहा
![]() |
| सीओ को ज्ञापन देने के लिए खड़े पथ विक्रेता संघ के पदाधिकारी। |
गया है कि आईटीआई रोड पर अनेक पथ विक्रेता अस्थायी रूप से कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सड़क किनारे कई दिनों तक भारी वाहन खड़े रहने से उनके रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। साथ ही, सड़क पर जाम की स्थिति बनने से यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है। इस मार्ग पर कई विद्यालय और कोचिंग संस्थान संचालित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं का आवागमन रहता है। ऐसे में भारी वाहनों के खड़े रहने से विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। पथ विक्रेता संगठन ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, जाम से राहत दिलाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी वाहन स्टैंड को अन्यत्र स्थानांतरित कराने की मांग की है। इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, पथ विक्रेता संगठन के अध्यक्ष सर्वेश पाण्डेय सहित मो. आमिर, राकेश, अवनीश तिवारी, रचित शर्मा, मो. निजाम, शिवम मौर्य, राम मौर्य, सनी चौहान, दिलदार, कयूम, साहिबे आलम, दाऊद आलम, रमन तिवारी, गुड्डू, सलील अहमद, अभिषेक मौर्य समेत संगठन के अन्य सदस्य शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment